jh-banakata-jungle-murder-case

हत्या के चार आरोपित गिरफ्तार, कार और स्टील पाइप बरामद

पूर्वी सिंहभूम, 07 सितंबर । पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में झारखंड-ओडिशा सीमा के समीप बानाकाटा जंगल में सड़क किनारे मिले सिकंदर कुमार के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में चार अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सफेद रंग की मारुति एक्सएल-6 कार, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, करीब ढाई फीट लंबे दो जीआई स्टील पाइप और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

सोमवार को प्रेस वार्ता में कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बताया कि मामले की शुरुआत 01 सितंबर की सुबह में हुई, जब पुलिस को सूचना मिली कि बानाकाटा जंगल में एक व्यक्ति की हत्या कर शव फेंका गया है।

सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान सिकंदर कुमार के रूप में हुई। वह मूल रूप से बिहार के छपरा का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ परसुडीह में रहता था। सिकंदर ठेकेदार के अधीन इलेक्ट्रीशियन के रूप में काम करता था। घटनास्थल के पास उसकी बाइक और मोबाइल फोन भी मिला था। शव के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए जाने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।

मृतक के बड़े भाई जितेंद्र शर्मा (34) के लिखित आवेदन पर कोवाली थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने अनुसंधान के दौरान मानव स्रोत और तकनीकी सहयोग से हत्या में कथित रूप से शामिल चार आरोपितों तक पहुंच बनाई। 06 सितंबर को मिंटू साव (40), सुंदर दास (38), आकाश दास (28) और परसुराम दास (24) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार मिंटू साव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पोटका थाना में हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है। सिकंदर के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया था।

इस कार्रवाई में कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, पुलिस अवर निरीक्षक सिदो मुर्मू, सहदेव सिंह, गौतम कुमार और अजंता महतो, सहायक अवर निरीक्षक रोशन कुजूर तथा प्रमोद कुमार सिंह-02, चौकीदार किरण महाकुड़, स्वदेश सीट और नागेन सरदार, गृहरक्षक चालक बबलू हांसदा, आरक्षी अस्तुल्लाह खान, बिरेन्द्र बिरुआ और महिला चौकीदार अंजली किस्कू शामिल थीं।