एसआईआर : दिल्ली रैली के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही कांग्रेस : विनय शर्मा
धर्मशाला, 01 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा ने कांग्रेस पार्टी और सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे पवित्र और पारदर्शी लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर जानबूझकर भ्रम फैला रही है।
उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से बौखलाई कांग्रेस अब चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता पर ही सवाल उठा रही है। जब कांग्रेस के पास जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है, तो वह एसआईआर के नाम पर झूठ और भ्रम की राजनीति कर रही है।
रविवार को जारी एक प्रेस बयान में भाजपा प्रवक्ता विनय शर्मा ने कहा कि भाजपा का स्टैंड बिल्कुल साफ है कि एक भी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए और एक भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नहीं रहना चाहिए।
विनय शर्मा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की तथाकथित रैली के लिए हिमाचल की सुक्खू सरकार सरकारी मशीनरी का खुलेआम दुरुपयोग कर रही है।
हिमाचल का खजाना खाली है, कर्मचारियों को वेतन देने के पैसे नहीं हैं, विकास कार्य ठप्प पड़े हैं, और सुक्खू सरकार सरकारी बसों, सरकारी अधिकारियों और सरकारी खर्च पर भीड़ जुटाकर दिल्ली में राहुल गांधी की नाकामियों पर पर्दा डालने का काम कर रही है। यह हिमाचल की जनता के पैसे की लूट है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता सब देख रही है। कांग्रेस एसआईआर पर जितना भ्रम फैलाएगी, जनता का भरोसा भाजपा पर उतना ही मजबूत होगा।










