uk-youth-festival-haridwar

युवा महोत्सव में युवाओं ने बिखेरी प्रतिभा, लोक संस्कृति के रंगों से सजा मंच

हरिद्वार, 01 नवंबर । हरिद्वार के ऋषिकुल ऑडिटोरियम में रविवार को जिला प्रशासन एवं युवा कल्याण विभाग, प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त तत्वावधान में युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के सांस्कृतिक ट्रैक के तहत आयोजित महोत्सव में जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे युवाओं और छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया।। महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, गायन, भाषण, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, पेंटिंग और कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आज का युवा नए संकल्प और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के युवा जिला और राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक स्टेडियम और राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसरों का विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा।

कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांड्ये, मुकेश भट्ट, पूनम मिश्रा, हिमांशु गुप्ता, चंद्रमोहन मिश्रा, शिवकुमार कश्यप, ऋचा गुप्ता और संध्या सहित विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभागी, स्थानीय लोग और युवा कल्याण विभाग के कार्मिक मौजूद रहे।