आतंक मचाने वाले सांढ़ को पशुपालन विभाग ने पकड़ा
पूर्वी सिंहभूम, 01 नवंबर ।परसुडीह थाना क्षेत्र के उत्तर-पूर्वी गदड़ा पंचायत की बस्तियों में पिछले दो-तीन महीनों से आतंक का पर्याय बना हत्यारा सांढ़ आखिरकार रविवार को पकड़ लिया गया। शुक्रवार को इसी सांढ़ के हमले में 65 वर्षीय रांदाय हेंब्रम की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश के साथ-साथ दहशत का माहौल था। सांढ़ को पकड़ने के लिए ग्रामीण लगातार मांग कर रहे थे। आखिरकार पशुपालन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कई घंटे तक अभियान चलाकर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
पकड़े जाने के बाद सांढ़ को घाघीडीह के कलियाडीह स्थित गौशाला में सुरक्षित पहुंचा दिया गया। इसके साथ ही पिछले कई महीनों से उसकी दहशत झेल रहे गदड़ा के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों पंचायत समिति सदस्य सोमबारी पात्रो, पूर्व मुखिया बिरजू पात्रो और पूर्व पंचायत समिति सदस्य विश्वजीत भगत ने बताया कि यह सांढ़ पिछले दो-तीन महीनों से पंचायत की अलग-अलग बस्तियों में घूमकर लोगों पर हमला कर रहा था। अब तक उसके हमले में 10 से अधिक लोग घायल हो चुके थे। ग्रामीणों को हमेशा डर बना रहता था कि कहीं सांढ़ किसी की जान न ले ले।
इस घटना के बाद पशुपालन विभाग की टीम रविवार को गदड़ा पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से सांढ़ की तलाश शुरू की गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद उसे पकड़कर गौशाला पहुंचाया गया। अभियान में जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, दुबराज नाग, ग्राम प्रधान सुखलाल हेंब्रम सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल थे।










