केंद्र सरकार छात्रों की समस्याओं को लेकर गंभीर, कई कदम उठाए : चौधरी लक्ष्मीनारायण
बागपत, 29 जुलाई । उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुगलाें के जमाने में शासक सत्ता के लिए अपने पिता को हटाते थे, उसी तरह अखिलेश यादव ने भी अपने पिता को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाकर स्वयं कमान संभाली।
कैबिनेट मंत्री बागपत जिले के बड़ागांव स्थित तपस्वी आश्रम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा। जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और प्रधानमंत्री ने आवश्यक कदम उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में असामाजिक तत्व शामिल हो गए थे, जिन्होंने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।
इथेनॉल नीति पर विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य पेट्रोलियम पर निर्भरता कम करना और किसानों को लाभ पहुंचाना है। वहीं, रक्षा उत्पादन को लेकर उन्होंने कहा कि भारत अब हथियारों का निर्यात कर रहा है और विमान निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।









