उक्रांद ने नरेंद्र सिंह रजवार को दी श्रद्धांजलि
नैनीताल, 23 जुलाई । उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की नैनीताल नगर इकाई ने दल के संस्थापक सदस्य एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी नरेंद्र सिंह रजवार के असामयिक निधन पर पार्टी कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शोकसभा का संचालन करते हुए पूर्व पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण ने कहा कि रजवार ने अपने अंतिम समय तक कर्मचारी हितों के लिए कार्य किया और बेहतर कार्यसंस्कृति के पक्षधर रहे।
पूर्व विधायक एवं उक्रांद के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. नारायण सिंह जंतवाल ने कहा कि नरेंद्र सिंह रजवार ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान अनेक जन आंदोलनों का नेतृत्व किया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने दल की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाया तथा अपने राजनीतिक जीवन में मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि रजवार के निधन से दल को अपूरणीय क्षति हुई है।
इस अवसर पर अंबा दत्त बवाड़ी, अधिवक्ता प्रकाश पांडे और पान सिंह सिजवाली ने भी स्वर्गीय रजवार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें राज्य आंदोलन और कर्मचारी हितों का सशक्त प्रहरी बताया।
शोकसभा में कमलेश पांडे, खीम सिंह बिष्ट, संजय साह, धीरेंद्र बिष्ट, मनोज बिष्ट, विजय साह, मदन बगड़वाल, इंद्रजीत, खीमराज बिष्ट, सुनील, हर्षित बिष्ट सहित उत्तराखंड क्रांति दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









