stf-palwal-caught-the-murder-s

एसटीएफ पलवल ने सात हजार रुपये के इनामी हत्यारोपित को दबोचा

पलवल, 01 जुलाई । स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) पलवल ने हत्या के एक मामले में दो वर्ष से फरार चल रहे सात हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान कुशलीपुर गांव निवासी बादल के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे राजस्थान के डीग जिले की पुलिस के हवाले कर दिया गया।

एसटीएफ प्रभारी अनिल छिल्लर ने बुधवार को बताया कि बादल के खिलाफ वर्ष 2024 में राजस्थान के डीग जिले के कांमा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। राजस्थान पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचता रहा। इसके चलते डीग के पुलिस अधीक्षक ने 21 अप्रैल 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर सात हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

उन्होंने बताया कि 30 जून को सूचना मिली थी कि इनामी आरोपित रामनगर कैंप थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने रामनगर स्थित बक्शी फार्म के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपनी पहचान कुशलीपुर निवासी बादल के रूप में बताई। गिरफ्तारी के बाद इसकी सूचना तत्काल राजस्थान के डीग जिले की स्पेशल टीम को दी गई। टीम के पलवल पहुंचने पर एसटीएफ ने आरोपित को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उनके हवाले कर दिया।