सीबीएसई के डिजिटल इवैल्यूएशन सिस्टम में गड़बड़ियों पर सुप्रीम कोर्ट ने जताई चिंता, सुधार के निर्देश
नई दिल्ली, 15 जुलाई । उच्चतम न्यायालय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं की परीक्षा में डिजिटल इवैल्यूएशन सिस्टम में हुई गड़बड़ियों और ऑन स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) से जुड़ी शिकायतों पर चिंता जताई है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि छात्रों में निराशा है और इसे लेकर अधिकारी सुधारात्मक कदम उठाएं।
सुनवाई के दौरान न्यायालय ने इस मामले में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से मदद मांगी। न्यायालय ने कहा कि कुछ समस्याएं लगातार बढ़ ही रही हैं और न्यायालय चाहता है कि अधिकारी छात्रों की चिंताओं को दूर करने में मदद करें। तब मेहता ने कहा कि इन मसलों की जांच के लिए एक सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। तब न्यायालय ने कहा कि सीबीएसई की ओर से उठाये गए कदमों के बारे में न्यायालय को बताएं।
उच्चतम न्यायालय में दाखिल याचिका में ओएसएम सिस्टम के जरिये परीक्षा कारने के नियम बनाने का दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है। याचिका में कहा गया है कि उन छात्रों और अभिभावकों की परेशानियों का समाधान करने का निर्देश दिया जाए जो मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। याचिका मे कहा गया है कि ऐसे छात्रों को कुछ हद तक छूट दी जानी चाहिए और ओएसएम सिस्टम के लिए नियम बनाने के लिए दिशा-निर्देश तय किए जाने चाहिए।









