dl-lc-pravesh-verma-defamation-case

सौरभ भारद्वाज के खिलाफ प्रवेश वर्मा मानहानि मामले में कोर्ट में दो गवाहों के बयान दर्ज

नई दिल्ली, 15 जुलाई । दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में बुधवार को दिल्ली सरकार के मंत्री परवेश वर्मा की ओर से आम आदमी पार्टी के दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि मामले में दो गवाहों ने अपना बयान दर्ज कराया। एडिशनशन चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल ने इस मामले में एक और गवाह का बयान दर्ज कराने के लिए 25 जुलाई की तिथि नियत करने का आदेश दिया।

बुधवार को सुनवाई के दौरान दो गवाहों शक्ति सिंह सहरावत और कुलभूषण जैन के बयान दर्ज किए गए। इस दौरान सीलबंद लिफाफे में दाखिल पेन ड्राइव दोनों गवाहों को दिखाई गई और सवाल पूछे गए। परवेश वर्मा की ओर से पेश प्रवीण कुमार और सार्थक गुप्ता ने एक और गवाह के बयान दर्ज करने की बात कही, जिसके बाद कोर्ट ने बयान दर्ज करने के लिए 25 जुलाई की तिथि नियत करने का आदेश दिया।

इसके पहले 4 जुलाई को शिकायतकर्ता परवेश वर्मा ने अपना बयान दर्ज कराया था। परवेश वर्मा ने अपने बयान में कहा था कि सौरभ भारद्वाज ने उनके और उनके परिवार की छवि को खराब करने के लिए झूठे आरोप लगाए। उन्होंने कहा था कि सौरभ भारद्वाज ने झूठा आरोप लगाया था कि परवेश वर्मा ने बतौर मंत्री अपने पद का गलत इस्तेमाल कर अपने कथित सहयोगी को लगभग पांच सौ करोड़ रुपये के एक निजी स्कूल ट्रस्ट में ट्रस्टी नियुक्त किया।

परवेश वर्मा ने आपराधिक मानहानि याचिका में कहा है कि सौरभ भारद्वाज ने 15 और 16 मई को उन्हें बदनाम करने की नीयत से सोशल मीडिया पोस्ट किया। याचिका में कहा गया है कि सौरभ भारद्वाज ने झूठा आरोप लगाया था कि परवेश वर्मा ने बतौर मंत्री अपने पद का गलत इस्तेमाल कर अपने कथित सहयोगी को लगभग पांच सौ करोड़ रुपये के एक निजी स्कूल ट्रस्ट में ट्रस्टी नियुक्त किया। याचिका में कहा गया है कि सौरभ भारद्वाज ने ये भी कहा था कि परवेश वर्मा ने स्कूल के कर्मचारियों के पक्ष में काम किया जो पॉक्सो केस में आरोपित हैं। परवेश वर्मा ने कहा है कि सौरभ भारद्वाज के ये पोस्ट समाज की नजरों में उनकी छवि को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने के लिए किए गए।

इसी मामले में परवेश वर्मा ने सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में दीवानी मानहानि का केस दायर किया है। उच्च न्यायालय में दाखिल दीवानी मानहानि याचिका में परवेश वर्मा ने सौरभ भारद्वाज से पांच करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है।