jh-jmm-leaders-meet-with-help-

मृत छात्र के परिवारों से मिले झामुमो पदाधिकारी, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

तोरपा में हाल सोमवार को हुए दर्दनाक करंट हादसे में प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के निर्देश पर मंगलवार को पार्टी के प्रखंड और जिला पदाधिकारियों ने मृत छात्र के घर पहुंचकर परिवार वालों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढाढ़स बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

झामुमो नेताओं ने कहा कि इस दुखद घटना से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। पार्टी इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही प्रशासन से भी मांग की गई कि प्रभावित परिवारों को त्वरित एवं समुचित सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाए।

पार्टी की ओर से दिवंगत मासूमों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई। वहीं हादसे में घायल लोगों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की भी ईश्वर से प्रार्थना की गई।

इस अवसर पर झामुमो जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सोशान्ति कोनगाड़ी, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अमृत हेमरोम, तोरपा प्रखंड अध्यक्ष रॉबिन तोपनो, प्रखंड सचिव जेम्स आइंद, कोषाध्यक्ष जयदीप तोपनो, सचिव अमित बडिंग, जोलेन बरला, पंचायत अध्यक्ष मार्टिन आइंद सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।