jh-166-youth-received-offer-letters-at-the-job-fai

रोजगार मेला में 166 युवाओं को मिला ऑफर लेटर, 25 कंपनियों ने किया चयन

पलामू, 02 जुलाई । श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, पलामू की ओर से गुरुवार को टाउन हॉल में दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया।

मेले का उद्घाटन उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता एवं जिला नियोजन पदाधिकारी नीरज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।

रोजगार मेले में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से 1200 से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया। मेले में 25 प्रतिष्ठित कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए। विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद 411 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिनमें से 166 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को गार्ड, ट्रेनर, स्टोर कीपर, टेक्नीशियन, मशीन ऑपरेटर सहित विभिन्न पदों पर रोजगार मिला।

इनमें कई पदों पर प्रतिमाह 20 हजार रुपये तक के वेतन का ऑफर दिया गया। उपायुक्त ने कुछ चयनित अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से ऑफर लेटर भी सौंपा।

मौके पर उपायुक्त ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के बाद सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव रोजगार है। यदि युवाओं को समय पर रोजगार नहीं मिलता है तो उनका कौशल और प्रतिभा प्रभावित होती है। भारत युवाओं का देश है और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देकर ही विकसित राष्ट्र का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को उनके कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाने और बेहतर भविष्य के लिए स्वयं को लगातार तैयार रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित थे।