health-womencommission-visitho

कैथल में महिला आयोग की चेयरपर्सन का औचक दौरा: अस्पताल में महिला वार्ड की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने गुरुवार को कैथल दौरे के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने पहले लघु सचिवालय में उपायुक्त अपराजिता और पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के साथ बैठक कर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण कर महिला वार्डों और प्रसूति सेवाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान चेयरपर्सन ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सेवा और सम्मान सुनिश्चित करना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। इन योजनाओं का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचे, इसके लिए जिला स्तर पर प्रभावी निगरानी जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों से पॉक्सो एक्ट के तहत गठित होने वाली समितियों की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि जहां समितियां नहीं बनी हैं, वहां जल्द गठन किया जाए। साथ ही समिति के सदस्यों को नियमित प्रशिक्षण देकर उन्हें कानूनी और सामाजिक पहलुओं के प्रति जागरूक किया जाए।

बैठक के बाद उषा प्रियदर्शनी सीधे नागरिक अस्पताल पहुंचीं और बिना पूर्व सूचना अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सबसे पहले उन्होंने गायनी वार्ड का दौरा किया, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी देखकर डॉक्टरों से कारण पूछा। चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल में महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया है।

गर्मी को देखते हुए चेयरपर्सन ने सीएमओ और पीएमओ को निर्देश दिए कि प्रतीक्षा कर रही महिलाओं के लिए अतिरिक्त पंखों की व्यवस्था की जाए और बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने महिला शौचालय का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई, साबुन तथा स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने आयुष विभाग, महिला क्लीनिक और प्रसूति कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी महिला मरीज को उपचार के दौरान असुविधा नहीं होनी चाहिए और सरकार की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

सिविल सर्जन डॉ. रेणू चावला ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों पर चेयरपर्सन ने उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।