arrested-the-thee-ciber-fraud-

राजगढ़ में साइबर ठगी का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार, 2.95 लाख रुपये बरामद

राजगढ़, 10 जुलाई । मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले की ब्यावरा देहात थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ठगी गई 2.95 लाख रुपये की पूरी राशि और वारदात में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि श्रीराम कॉलोनी निवासी राधिका देवी खींची ने 21 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 9 मई को एक संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके एयू बैंक खाते और उनके पति गोपालसिंह खींची के भारतीय स्टेट बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से कुल 2.95 लाख रुपये निकाल लिए गए थे।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित बैंकों से समन्वय कर एक लाख रुपये की राशि तत्काल होल्ड कराई और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपितों की पहचान की।

पुलिस ने 3 जून को जयपुर निवासी सुनील मीना (22) और अलवर निवासी छगनलाल यादव (27) को गिरफ्तार कर उनके पास से 95 हजार रुपये बरामद किए। आगे की जांच में शुक्रवार को भोपाल निवासी अयान खान (23) को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से शेष 95 हजार रुपये बरामद हुए। इस प्रकार पुलिस ने ठगी की पूरी 2.95 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली।

पुलिस ने बताया कि आरोपितों से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण जाट, उप निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा, प्रधान आरक्षक चंद्रमोहन वघेल, शशांक यादव तथा आरक्षक रविंद्र जाट, प्रवीण यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, क्यूआर कोड या संदिग्ध कॉल पर भरोसा न करें। यदि साइबर ठगी का शिकार हों तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।