uk-poltical-bjp-president-

राहुल-वेणुगोपाल के दौरों से नहीं बदलेगी कांग्रेस की स्थिति : महेंद्र भट्ट

देहरादून, 10 जुलाई । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद ने कांग्रेस पर झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी वर्ष में कांग्रेस नेताओं के दौरे केवल राजनीतिक पाखंड हैं।

भट्ट ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस हर चुनाव से पहले झूठे आरोपों और भ्रम फैलाने वाले मुद्दों के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है, लेकिन जनता बार-बार उसे नकार चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व के दौरे राज्य इकाई की आंतरिक गुटबाजी पर पर्दा डालने की कोशिश भी हैं।

उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड की जनता के बीच कांग्रेस की विश्वसनीयता समाप्त हो चुकी है और राहुल गांधी अथवा के.सी. वेणुगोपाल जैसे नेताओं के दौरों से पार्टी की राजनीतिक स्थिति नहीं बदलने वाली।

अयोध्या और बदरीनाथ से जुड़े मामलों पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए भट्ट ने कहा कि भाजपा के लिए मंदिर आस्था और विश्वास का विषय है, जबकि कांग्रेस इसे राजनीतिक मुद्दे के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामलों में आरोपी जेल में हैं, जांच जारी है और यदि कोई अधिकारी संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार निलंबन तथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर प्रभावी ढंग से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों में आरोपियों को जेल भेजा गया है और परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से कराई जा रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि रोजगार, विकास और सुशासन के क्षेत्र में धामी सरकार का कार्यकाल उल्लेखनीय रहा है तथा अन्य राज्य भी उत्तराखंड के मॉडल का अनुसरण कर रहे हैं। भट्ट ने कहा कि जनता का भाजपा पर विश्वास कायम है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगा।