pc-by-ranbir-singh-gangwa

फतेहाबाद : पीएम मोदी ने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और सुशासन का उदाहरण पेश किया : रणबीर सिंह गंगवा

फतेहाबाद, 14 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता, समर्पण और सुशासन का एक अनुपम उदाहरण देश के सामने पेश किया है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए गुजरात मॉडल स्थापित किया और अब प्रधानमंत्री के रूप में भारत को विश्व पटल पर एक नई और मजबूत पहचान दिलाने का काम कर रहे हैं। पिछले ढाई दशकों से वे बिना रुके और बिना थके अनवरत देश व प्रदेश की सेवा में समर्पित हैं। यह बात हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन पूरी तरह से जनसेवा, सुशासन और पारदर्शिता को समर्पित रहा है। उन्होंने दिखाया है कि किस प्रकार बिना किसी दाग के पारदर्शिता के साथ शासन चलाया जा सकता है। आगामी 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके लगातार 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। भारतीय राजनीति में ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है जब किसी नेता ने राज्य और देश के सर्वोच्च प्रशासनिक पद पर रहते हुए इतने लंबे समय तक निर्बाध जनसेवा की हो।

गंगवा ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। भारतीय जनता पार्टी इस अवसर को केवल एक समारोह के रूप में नहीं, बल्कि ‘सेवा और संकल्प’ के पर्व के रूप में मना रही है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का विशेष सेवा अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर विभिन्न जनकल्याणकारी और सेवा गतिविधियों को अंजाम देंगे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे आज वैश्विक मंचों पर देश का मान-सम्मान और भूमिका अत्यधिक मजबूत हुई है। भाजपा का मूल मंत्र सेवा, संगठन और राष्ट्रहित है और कार्यकर्ताओं को पीएम मोदी के जीवन से निरंतर राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा, पूर्व विधायक दुड़ाराम, चेयरमैन बलदेव ग्रोहा, जिला महामंत्री अशोक जाखड़, विकास ललोदा, जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी, जिला परिषद चेयरमैन सुमन खिचड़, नगर परिषद वाइस चेयरमैन सविता टूटेजा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।