सेवा संवेदना और समर्पण के साथ मनाया राहुल गांधी का जन्मदिन कुष्ठ आश्रम में कांग्रेसजनों ने किया फल वितरण
हल्द्वानी , 19 जून । नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी एवं जिला युवक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में राजपुरा स्थित कुष्ठ आश्रम में फल वितरण कर उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर आश्रम के निवासियों के बीच पहुंचकर कांग्रेसजनों ने सेवा, संवेदना और मानवता का संदेश दिया।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि राहुल गांधी आज देश में जनहित, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की सबसे मजबूत आवाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने सदैव आमजन, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। उनका जीवन सेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके जन्मदिवस पर जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान है।
जिला महासचिव मलय बिष्ट ने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा देश के गरीब, वंचित, शोषित, किसान, मजदूर, युवा और कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया है। जब-जब जनता के अधिकारों पर आघात हुआ, तब-तब राहुल गांधी निर्भीक होकर उनके साथ खड़े दिखाई दिए। यही कारण है कि आज वे करोड़ों देशवासियों के लिए केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और उम्मीद का प्रतीक बन चुके हैं। उनका जन्मदिन समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को याद करने और सेवा का संकल्प लेने का अवसर है।
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं के प्रतीक हैं। उन्होंने हमेशा युवाओं को राजनीति और समाज में सकारात्मक भागीदारी के लिए प्रेरित किया है। आज का यह सेवा कार्यक्रम युवाओं के लिए यह संदेश है कि राजनीति का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और सहयोग पहुंचाना होना चाहिए। राहुल गांधी के विचारों से प्रेरित होकर युवा कांग्रेस जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने राहुल गांधी के नेतृत्व में न्याय, समानता, भाईचारे और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया तथा उनके स्वस्थ, दीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल, पार्षद धर्मवीर, हेमंत साहू, जगमोहन बगड़वाल, त्रिलोक बनौली, विजेंद्र चौहान, रेनू तोमर, नेहा, जाकिर हुसैन, कौशलेन्द्र भट्ट, स्वाति जोशी, राजो टंडन, संजय शेखर, कोमल जायसवाल, तलत एहतेशाम, सुजल सचिन, उदित करायत एवं कुशल राजपूत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









