illegal-firecracker-trade-raid-on-two-warehouses-i

अवैध पटाखा कारोबार पर सीएसटी का बड़ा प्रहार: दो गोदामों पर मारी रेड

जयपुर, 19 जून । राजधानी जयपुर में अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के कारोबार के खिलाफ जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में संचालित दो अवैध पटाखा गोदामों पर छापेमारी की। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 26 विभिन्न ब्रांड के 560 कार्टून अवैध विस्फोटक सामग्री और बारूद जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद विस्फोटक सामग्री का कुल वजन 3710 किलोग्राम से अधिक बताया गया है।

पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी को मित्तल कॉलेज रोड स्थित दुकान संख्या-18 भारती पटाखा गोदाम में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे और बारूद जब्त किया। जहां मौके से दीपक खंडेलवाल (38)निवासी कांजी नगर आगरा रोड जामडोली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 18 विभिन्न ब्रांड के 495 कार्टून विस्फोटक सामग्री, जिनका कुल वजन 1631.950 किलोग्राम है, तथा 3 से 4 किलोग्राम खुला बारूद बरामद किया।इस संबंध में जयसिंहपुरा खोर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रूपा की नांगल नायला रोड स्थित ड्रीम पैराडाइज फार्म हाउस परिसर में बने एक स्टोर पर भी दबिश दी। यहां पूर्णिमा पटाखा गोदाम के समीप अवैध रूप से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई मिली। पुलिस ने मौके से राजू शर्मा (45) निवासी रूपा की नांगल जयसिंहपुरा खोर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 8 ब्रांड के 65 कार्टून अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई, जिनका कुल वजन 2078 किलोग्राम बताया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार रिहायशी और गैर-अधिकृत क्षेत्रों में इतनी बड़ी मात्रा में बारूद एवं विस्फोटक सामग्री का भंडारण किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों स्थानों पर बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों और अनुमति के विस्फोटक सामग्री संग्रहित की जा रही थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे और विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी तथा इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।