we-will-benefit-karmveer-vast-organizational-exper

संगठन महामंत्री के रूप में कर्मवीर के व्यापक संगठनात्मक अनुभवों और कुशल मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा : किरण देव

रायपुर 24 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर को उनकी नियुक्ति पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल हेतु शुभकामनाएँ दी हैं।

देव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मवीर को छत्तीसगढ़ प्रदेश संगठन महामंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने से राज्य में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूती तथा गतिशीलता मिलेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव ने कहा कि कर्मवीर संगठन के एक समर्पित, कर्मठ एवं कुशल रणनीतिकार हैं। उनके पास संगठनात्मक कार्यों का लम्बा और गहरा अनुभव है। उनके इस समृद्ध अनुभव, वैचारिक निष्ठा और कुशल मार्गदर्शन का सीधा लाभ छत्तीसगढ़ में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं और संगठन की विभिन्न इकाइयों को प्राप्त होगा।

देव ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त संगठन महामंत्री के कुशल नेतृत्व व समन्वय में छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन सेवा, सुशासन और जनहित के संकल्पों को और अधिक मजबूती के साथ धरातल पर उतारेगा। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा, उत्साह और सक्रियता का संचार होगा तथा संगठन का विस्तार नए आयामों को स्पर्श करेगा।