the-daughter-of-deoria-spoke-i

देवरिया की बेटी हर्षिता ने सदन में रखे अपने विचार, विकसित भारत का उठाया मुद्दा

देवरिया, 03 मई । देवरिया जिले की हर्षिता दुबे ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद में रविवार काे अपने विचार रखे। लार क्षेत्र के ग्राम पटनेजी निवासी प्रधानाचार्य रामजनम दूबे की पुत्री हर्षिता ने केंद्रीय बजट 2026 और विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण पर भारतीय युवाओं को सशक्त बनाने का मुद्दा उठाया।

सदन को संबोधित करते हुए हर्षिता ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना तभी साकार होगा, जब देश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर रोजगार के अवसर और आधुनिक कौशल से सुसज्जित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं के लिए स्टार्टअप, इनोवेशन और डिजिटल स्किलिंग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

हर्षिता ने सरकार की नीतियों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता बताई, ताकि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के युवाओं को भी समान अवसर मिल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का सही उपयोग देश को 2047 तक वैश्विक नेतृत्व की स्थिति में पहुंचा सकता है।

इस युवा संसद में प्रदेशभर से चयनित प्रतिभाशाली युवाओं ने हिस्सा लिया। हर्षिता दुबे ने अपने तार्किक और आत्मविश्वास से भरे विचारों से देवरिया और पूरे पूर्वांचल का प्रतिनिधित्व किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा भी की गई।

हर्षिता की इस उपलब्धि पर विवेकानंद यूथ अवार्ड विजेता साहू विशाल गुप्ता, शिक्षक संघ अध्यक्ष डॉ गोविंद मिश्रा, प्रधान प्रतिनिधि अखिलेश दूबे, प्रधान प्रतिनिधि अभय मिश्रा, कन्हैया लाल दुबे बधाई दी ।