अनूपपुर: हाथी ने सेंदुरी गांव के चार मवेशियों को उतारा मौत के घाट, एक गम्भीर घायल
अनूपपुर, 08 मई । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय से 4 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम पंचायत सेंदुरी में गुरुवार-शुक्रवार की रात्रि एक दंतैल हाथी ने कहर मचाते हुए सेंदुरी गांव के चार पालतू मवेशियों पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। जबकि एक मवेशी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हाथी को रेस्क्यू करने या अन्य माध्यमों से तत्काल जिले से बाहर कराया जाने की मांग की है।
जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत एवं वन बीट सोनमौहरी के जंगल में 8 दिनों से एक दंतैल हाथी दिन के समय जंगल में विश्राम कर रात को आहार की तलाश में जंगल से लगे ग्राम सोनमौहरी, सेंदुरी, अमगवां एवं छुलहा में घूमते हुए ग्रामीणों के घरों में तोड़फोड़ कर खेत एवं बाडियों में लगे विभिन्न तरह की फसलों को अपना आहार बना रहा है। सोन मौहरी गांव निवासी रामसहाय सिंह के घर में निरंतर चार दिनों तक अमगवां गांव गोहाटोला के गणेश सिंह आर्मो की घरों में चार वार तोड़फोड़ कर बड़े पैमाने में नुकसान से किया है।
गुरुवार एवं शुक्रवार की रात यह हाथी सेमरिहा टोला निवासी दुआरे चौधरी, धनीराम चौधरी की गाय,बैल डेमसाय चर्मकार बैल पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाते हुए मार दिया। जबकि सेंदुरी गांव के खेत में घर बना कर रह रहे वंशगोपाल राठौर घर के आंगन में सो रहे थे तभी यह हाथी घर के पास आकर आवाज करने लगा हाथी को देख भाग कर अपनी जान बचाई। हाथी ने वहां बधे बैल पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बैल के घायल की जानकारी पर वन्यजीव संरक्षक अनूपपुर शशिधर अग्रवाल मौके पर पहुंचकर पशु विभाग के पशु चिकित्सा क्षेत्र को देर रात मौके पर बुलाते हुए बैल का उपचार कराया। वहीं बैल की स्थिति नाजुक बनी हुई हैं। यह हाथी आठवें दिन शुक्रवार को सोनमौहरी बीट के जंगल में डेरा जमाया हैं।
ग्रामीणों द्वारा हाथी को भगाए जाने के प्रयास पर आक्रोशित होकर अधिकांश समय ग्रामीणों को तेज गति से दौड़ कर हमला करने की कोशिश करता है। ज्ञात हो कि यह हाथी में विगत 20 दिनों से अनूपपुर वन परिक्षेत्र के भोलगढ़ के जंगल एवं अनूपपुर ताराडांड बीट के कुसुम हाई (पिपरिया) के मध्य तीन लोगों को मौत के घाट उतारते हुए तीन लोगों को गंभीर रूप से घायल कर चुका है। हाथी छत्तीसगढ़ में स्थित हाथियों के बड़े समूह से 26 दिन पूर्व अगल होकर सीमा पार करते हुए अनूपपुर जिले में प्रवेश कर निरंतर 24 दिनों से विचरण कर रहा है। 15 से अधिक ग्रामों के ग्रामीण इस अकेले हाथी के विचारण एवं हाथी द्वारा किए जा रहे नुकसान से परेशान है, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से खतरनाक हाथी को तत्काल रेस्क्यू करने या जिले से बाहर किए जाने की मांग की हैं।









