मंदसौर में विरोध रैली के दौरान उल्टा तिरंगा ले जाने का मामला, जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश
मंदसौर, 23 जुलाई । दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई घटना के विरोध में गुरुवार को मध्य प्रदेश के मंदसौर में निकाली गई एक वाहन रैली के दौरान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा उल्टा लेकर चलने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, श्यामलाल जोकचंद के नेतृत्व में आयोजित रैली यश नगर स्थित बीकानेर स्वीट्स से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंची। यहां प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
रैली के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे थे। इसी दौरान तिरंगा उल्टी दिशा में प्रदर्शित किए जाने का मामला सामने आया। सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो प्रसारित होने के बाद प्रतिभागियों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद ध्वज को सही तरीके से प्रदर्शित किया गया।
मामले के सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने राष्ट्रीय ध्वज से जुड़े नियमों के संभावित उल्लंघन को गंभीरता से लिया है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।









