पारिवारिक विवाद में हत्या का खुलासा, पत्नी व बेटी सहित तीन गिरफ्तार
रायपुर, 15 अप्रैल । कमिश्नरेट रायपुर द्वारा एक सनसनीखेज हत्या मामले का खुलासा करते हुए 3 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मृतक की पत्नी, पुत्री एवं एक नाबालिग शामिल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विगत 29 सितंबर 2025 को डीडीनगर थाना क्षेत्रांतर्गत वीरेन्द्र भारती गोस्वामी की मौत मामले में जांच प्रारंभ की गई। मृतक के शरीर पर 17 गंभीर चोटें पाई गईं, जिससे मौत होना स्पष्ट हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी, पुत्री एवं नाबालिग से पूछताछ की गई। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि, दिनांक 27 सितंबर 2025 की रात लगभग 11 बजे मोबाइल देखने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में आरोपितों ने आक्रोश में आकर घर में रखे लकड़ी के बेट एवं ईंट से मृतक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के पश्चात आरोपितों द्वारा साक्ष्य छिपाने हेतु खून साफ किया गया तथा उपयोग किए गए वस्त्र एवं हथियार (लकड़ी व ईंट) को पास के नाले में फेंक दिया गया एवं एक राय होकर बाथरूम में गिरकर बेहोश होने से इलाज हेतु भेजना परिवार जनों को बताकर गुमराह किया गया l थाना डीडी नगर में अपराध पंजीबद्ध किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में दीपा भारती गोस्वामी, तनिया भारती गोस्वामी एवं एक नाबालिग बालिका शामिल है। सभी आरोपितों को आज बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।









