रेलवे ट्रैक पर रील बनाना पड़ा महंगा: युवक गिरफ्तार, बाइक बरामद
देवरिया, 23 अप्रैल ।.उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में एक युवक को रेलवे ट्रैक पर बाइक चलाना भारी पड़ गया। गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाना भटनी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
यह घटना नोनापार हाल्ट के होम सिग्नल के पास की बताई जा रही है, जहां युवक रेलवे ट्रैक के बीच मोटरसाइकिल चलाते हुए नजर आया था। वीडियो सामने आने के बाद जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच में युवक की पहचान विकास गौड़ (19) पुत्र मनोज गौड़, निवासी ग्राम उसका, थाना भटनी के रूप में हुई।
जीआरपी थाना भटनी की टीम ने 22 अप्रैल की देर शाम आरोपी को नोनापार हाल्ट रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वीडियो में दिख रही Hero Splendor Plus मोटरसाइकिल (नंबर UP53BY5683) भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 145, 147 और 154 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करता है। इसी शौक के चलते उसने रेलवे ट्रैक पर बाइक चलाकर वीडियो बनाया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह दोबारा उसी स्थान पर रील बनाने आया था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
रेलवे पुलिस अधिकारियों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक पर इस तरह की गतिविधियां न केवल गैरकानूनी हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा हैं। अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए ऐसे खतरनाक स्टंट से बचें।
जीआरपी भटनी के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मौर्य ने बताया कि रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









