शिमला : घर मे अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की हत्या, चोरी की नीयत से घुसे हमलावरों पर शक
शिमला, 17 जून । शिमला ज़िले के रोहड़ू क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की घर के भीतर हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावर चोरी की नीयत से घर में घुसे थे और वारदात के दौरान महिला की हत्या कर दी।
मामला टिक्कर पुलिस चौकी के तहत शलाश दोगरी क्षेत्र का है, जहां गीता देवी (77) अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह जब उनकी देखभाल करने वाली महिला ने देखा कि वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलीं, तो उसने उनके बेटे गणेश को सूचना दी। सूचना मिलने पर गणेश तुरंत घर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।
टूटा मिला दरवाज़ा, कमरे में मृत मिली महिला
शिकायत के अनुसार 16 और 17 जून की मध्यरात्रि के दौरान कुछ अज्ञात लोग घर का दरवाज़ा तोड़कर भीतर घुसे थे। घटनास्थल की परिस्थितियों से पुलिस को संदेह है कि आरोपियों का मकसद चोरी करना था। हालांकि घर में प्रवेश के बाद हालात ऐसे बने कि गीता देवी की हत्या कर दी गई।
मृतका के शरीर पर हमले के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या आरोपियों को पहले से यह जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला घर में अकेली रहती हैं।
हत्या, घर में घुसपैठ और चोरी के प्रयास की धाराओं में केस
मृतक महिला के बेटे के बयान पर रोहड़ू थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103, 331(8), 305, 62 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये धाराएं हत्या, घर में अवैध प्रवेश, चोरी के प्रयास और सामूहिक आपराधिक कृत्य जैसे गंभीर अपराधों से जुड़ी हैं।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
पांच दिन में शिमला में हत्या का दूसरा बड़ा मामला
शिमला ज़िले में पांच दिनों के भीतर हत्या की यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले 13 जून को शिमला शहर के संजौली क्षेत्र में एक निजी स्कूल की संचालिका की स्कूल गेट के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में दो नकाबपोश शूटर शामिल थे। पुलिस ने वारदात के करीब 40 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया था। अदालत ने दोनों शूटरों को एक सप्ताह के पुलिस रिमांड पर भेजा है।









