uk-sports-heritage-cricket-t-academy

प्रथम अंडर-16 क्लब चैंपियनशिप : हेरिटेज अकादमी ने दून स्टार्स को 50 रन से हराया

देहरादून, 17 जून । क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ दून के तत्वावधान में आयोजित प्रथम अंडर-16 क्लब चैंपियनशिप-2026 के एक लीग मुकाबले में हेरिटेज क्रिकेट अकादमी ने दून स्टार्स स्पोर्टिंग क्लब को 50 रन से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।

बुधवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हेरिटेज क्रिकेट अकादमी की टीम ने 38.5 ओवर में 196 रन बनाए। टीम की ओर से ओजस्वी मित्तल ने 74 रन और नैतिक भट्ट ने 51 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। दून स्टार्स की ओर से सार्थक बिजलवान और आध्या रावत ने तीन-तीन विकेट लिए।

इसके बाद 197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्टार्स स्पोर्टिंग क्लब की टीम 35.5 ओवर में 146 रन पर सिमट गई। टीम के लिए सिद्धार्थ राय ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। हेरिटेज क्रिकेट अकादमी की ओर से आशुतोष ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर पांच विकेट हासिल किए, जबकि आयुष भंडारी ने चार विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया।

ओजस्वी मित्तल को उनकी 74 रन की शानदार पारी के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया, जबकि आशुतोष पांच विकेट लेकर मैच के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे। इस जीत के साथ हेरिटेज क्रिकेट अकादमी ने टूर्नामेंट में अपना मजबूत प्रदर्शन जारी रखा है।