union-budget-202627-emphasizes-empowerment-of-all-

केंद्र के बजट से सभी वर्गों को सशक्त बनाने पर जोर : गौरव भाटिया

कानपुर, 11 फरवरी । यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग सभी को सशक्त बनाने वाला है। इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, सड़क, रक्षा, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। मध्यम वर्ग को राहत, किसानों को तकनीकी सहायता और युवाओं को नवाचार के अवसर प्रदान किए गए हैं। यह बातें बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कही।

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए केंद्र सरकार के आम बजट 2026–27 को ऐतिहासिक और दूरदर्शी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस कदम है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और यह उपलब्धि सशक्त नेतृत्व, पारदर्शी नीतियों और मजबूत आर्थिक प्रबंधन का परिणाम है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि विकसित भारत 2047 का रोडमैप है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के बजट की भी सराहना की और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट है, जिसमें कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा, निवेश और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है।

उन्हाेंने कहा कि टूटी साइकिल वाली सरकार के समय योजनाओं का लाभ धर्म विशेष के लोगों को चिन्हित कर दिया जाता था। सपा की राजनीति तुष्टिकरण और परिवारवाद पर आधारित रही है। पीडीए मतलब प्रतीक, धर्मेंद्र और अखिलेश है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा और जनता विकास व सुशासन के साथ खड़ी रहेगी।

राहुल गांधी से जुड़े सवाल पर भाटिया ने कहा कि संसद में अप्रकाशित किताब पेश कर भ्रमित करना लोकतांत्रिक परम्पराओं के खिलाफ और जनता के साथ विश्वासघात के समान है। उन्होंने भाजपा सरकार और पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना करते हुए कहा कि पहले प्रदेश में अपराध और दंगे चर्चा का विषय थे, जबकि अब निवेश, विकास और रोजगार सुर्खियों में हैं।

अंत में भाटिया ने कहा कि केंद्र और प्रदेश दोनों के बजट विकास, सुशासन और समावेशी प्रगति के प्रतीक हैं। प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, अनुराग शर्मा, मनीष त्रिपाठी और पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया उपस्थित रहे।