ladies-murder-in-house-

हवेली में रह रही अकेली महिला की हत्या

झुंझुनू, 26 जनवरी । झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के गुड़ा (पोंख) गांव मेंएक बुजुर्ग महिला का गला काटकर हत्या कर दी गई। सोमवार को हवेली में महिला की खून से सनी लाश मिली। महिला हवेली में अकेली रह रही थी। परिवार व्यापार के सिलसिले में कोलकाता रहता है। हत्या के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है। टीमों ने मौके से सबूत जुटाए।

गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी ने बताया कि सीता देवी महाजन (65) गांव में स्थित अपनी पुश्तैनी हवेली में अकेली रहती थीं। उनके परिवार के अन्य सदस्य लंबे समय से व्यापार के सिलसिले में कोलकाता में रह रहे हैं। सोमवार को सुबह काफी देर तक सीता देवी के घर से कोई हलचल नहीं हुई। शक होने पर पड़ोसियों ने घर के भीतर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर सीता देवी का शव खून से लथपथ पड़ा था। धारदार हथियार से उनका गला रेता गया है। दीवारों और फर्श पर खून बिखरा हुआ मिला। कमरे का सामान भी अस्त-व्यस्त था। जिससे आशंका जताई जा रही है कि महिला ने बदमाशों का विरोध किया होगा। अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने बदमाशों से खूब संघर्ष भी किया होगा।

हत्या की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हवेली की दीवारों पर संघर्ष के निशान मिले हैं। महिला ने खुद के बचाव का काफी प्रयास किया था। गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। लूट, आपसी रंजिश या किसी परिचित की भूमिका सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी भिजवाया गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लूट के इरादे से हत्या की गई है। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश हवेली में घुसकर गहने और नकदी लूटना चाहते थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक लूटपाट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।