jh-in-december-2025-the-mines-department-seized-25

पलामू में दिसंबर 2025 में खान विभाग ने जब्‍ त किये 25 वाहन, 17.9 लाख वसूला जुर्माना

पलामू, 22 जनवरी । उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई।

बैठक में डीसी ने डीएमओ सुनील कुमार से पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली। वहीं डीएमओ ने अवैध खनन पर कार्रवाई का प्रतिवेदन उपलब्ध कराया।

मौके पर डीएमओ बताया कि दिसंबर 2025 में खनन विभाग स्तर से अबतक अवैध परिवहन और खनन कर रहे कुल 25 वाहनों को जब्त किया गया है। 17 लाख 9 हज़ार रुपये बतौर जुर्माना भी वसूला गया, वहीं 2 प्राथमिकी भी दर्ज की गयी है। जिला परिवहन कार्यालय की ओर से 62 वाहनों को जब्त कर 11 लाख 69 हज़ार रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया है। वन प्रमंडल पदाधिकारी स्तर से 03 मामले दायर किये गये हैं। अलग-अलग अंचलों की ओर से की गयी कार्रवाई में 38 वाहन ज़ब्त किये गये हैं, जिसमें सबसे अधिक पड़वा अंचल में सदर एसडीएम के स्तर से 10 वाहन ज़ब्त किये गये हैं।

उपायुक्त ने वन विभाग, पुलिस और स्थानीय सीओ आपस में मिलकर अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बेहतर समन्वय बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वन विभाग, सीओ और थाना प्रभारी को गहन निगरानी करनी होगी, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।

बैठक में पलामू एसपी रीष्मा रमेशन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, सदर एसडीओ, विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न सीओ, विभिन्न थाना प्रभारी सहित अन्य उपस्थित थे।