शव रखकर प्रदर्शन की तैयारी में थे परिजन, अधिकारियों के समझाने पर माने
बाराबंकी, 13 नवंबर । जिले के कटियारा रामनगर के एक निजी अस्पताल में कल बुधवार को प्रसूता लक्ष्मी की मौत के बाद आज बृहस्पतिवार को जब शव रजनापुर मजरे गोबरहा पहुंचा तो आशा संगिनी मीनाक्षी अवस्थी के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला। नाराज परिजनों द्वारा शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन करने की तैयारी देख प्रशासन के हाथ पाँव फूल गए। तहसीलदार रामनगर विपुल सिंह और क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगत कनौजिया स्थानीय पुलिस और पीएसी के साथ गांव पहुंचे।
अधिकारियाें और ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी के समझाने पर परिजन माने और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी हुए। मृतका के पिता व पति ने आशा संगिनी मीनाक्षी व उनके पति अनिरुद्ध अवस्थी तथा निजी हॉस्पिटल के संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ-साथ हॉस्पिटल सील करवाने का प्रार्थनापत्र दिया है। कोतवाल रामनगर ने प्रार्थनापत्र लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया और आराेपिताें के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर मामला शांत हुआ। गांव में अभी भी पुलिस बल तैनात है। उल्लेखनीय है कि प्रसूता को दाे दिन पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बच्ची काे जन्म दिया था। इसके बाद प्रसूता की तबियत बिगड़ गई और माैत हाे गई। परिजनों का आरोप है कि उपचार में लापरवाही के कारण प्रसूता की मौत हुई है।









