नर्मदापुरम: मंत्री उइके के निर्देश पर ग्राम सिरूपुरा में त्वरित बहाल हुई पेयजल व्यवस्था
भोपाल, 24 अप्रैल । मध्य प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने नर्मदापुरम के सिवनी मालवा के ग्राम सिरूपुरा में पेयजल समस्या की जानकारी मिलते ही तत्काल संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में विभागीय अमला तुरंत सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर आवश्यक सुधार कार्य प्रारंभ किया गया।
जनसंपर्क अधिकारी बबीता मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि निरीक्षण के दौरान तकनीकी कारणों एवं जल स्तर में कमी के चलते प्रभावित हैंडपंपों को प्राथमिकता से दुरुस्त किया गया। सभी बंद पड़े हैंडपंपों का सुधार कार्य पूर्ण कर उन्हें पुनः चालू कराया गया। साथ ही नलकूप में आवश्यक पाइप बढ़ाकर नलजल योजना को भी पुनः क्रियाशील किया गया। त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप अब ग्राम में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति प्रारंभ हो गई है और ग्रामीणों को राहत मिली है। विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि पेयजल व्यवस्था निरंतर सुचारू बनी रहे।
उन्होंने बताया कि नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा तहसील के ग्राम सिरूपुरा में जल जीवन मिशन अंतर्गत 14.13 लाख रु. की लागत से रेट्रोफिटिंग नलजल योजना के अंतर्गत पुराने नलकूप में मोटर पंप स्थापित कर 1064 मीटर पाइपलाइन के माध्यम से सभी घरों तक घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए गए। योजना के समस्त कार्य पूर्ण कर इसे ग्राम पंचायत को हस्तांतरित किया गया है, जिसके द्वारा संचालन एवं संधारण किया जा रहा है। हाल ही में मोटर पंप में आई तकनीकी समस्या एवं जल स्तर में कमी के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसे आवश्यक सुधार कार्य एवं पाइप बढ़ाने की कार्रवाई के माध्यम से पुनः सुचारू कर दिया गया है।









