गुवा में मां दुर्गा की प्रतिमा खंडित, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही रविवार को विभिन्न हिंदू संगठनों ने गुवा बाजार में आपात बैठक बुलाई, जिसमें सर्वसम्मति से सोमवार को गुवा बंद का निर्णय लिया गया। संगठनों ने इसे गंभीर साजिश बताते हुए थाना में लिखित शिकायत दी और आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
इस बीच, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा स्वयं गुवा पहुंचे और थाना प्रभारी नीतीश कुमार से मिलकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा, “यह घटना केवल एक मंदिर तक सीमित नहीं है, यह समाज की आस्था और विश्वास पर हमला है। प्रशासन को इस पर तत्काल सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजना चाहिए।”
मधु कोड़ा ने आमजनों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी समुदायों को मिलकर सामाजिक एकता और भाईचारा बनाए रखना होगा, जिससे इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।









