jh-lakhs-stolen-from-retired-teacher-house-

रिटायर्ड शिक्षक के घर लाखों की चोरी

धनबाद, 04 मई । धनबाद के भूली थाना क्षेत्र से बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। यहां भूली बस्ती स्थित हड़कू भट्ठा के पास रहने वाले एक रिटायर्ड शिक्षक के घर चोरों ने धावा बोलकर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर घर से गहने और नकदी के साथ-साथ कार भी ले उड़े।

बताया जा रहा है कि रिटायर्ड शिक्षक अशोक श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ इलाज के लिए पुणे गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाया।

सोमवार सुबह जब पड़ोसियों ने घर के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला गायब देखा तो उन्हें लगा कि परिवार वापस लौट आया है। लेकिन दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर जब अंदर झांका गया तो चोरी की घटना का खुलासा हुआ। चोरों ने घर के अंदर रखी तीन अलमारियां और दो ट्रंक को पूरी तरह खंगाल दिया और सभी कीमती सामान चुरा लिए।

गृहस्वामी अशोक श्रीवास्तव ने दूरभाष पर बताया कि चोर करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर, आधा किलो चांदी के जेवर, करीब 15 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान ले गए। इतना ही नहीं, चोर घर के गैरेज में खड़ी हुंडई i10 कार (संख्या जेएच10ऐसी7324) भी लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।