सोनीपत:अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, तीन ट्रैक्टर जब्त
सोनीपत:अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, तीन ट्रैक्टर जब्त
सोनीपत, 25 जून (हि.स.)। जिला प्रशासन ने अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के
तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोहाना- सोनीपत बाईपास से अवैध खनन सामग्री से भरे तीन
ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ा है। यह कार्रवाई खनन विभाग की विशेष टीम द्वारा की गई,
जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रालियों को सिटी थाना में जब्त कर लिया गया है।
बुधवार को उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि हरियाणा सरकार
अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जिला प्रशासन इस दिशा में लगातार
ठोस कदम उठा रहा है। खनन विभाग की टीम जिला में सक्रियता से कार्य कर रही है तथा टास्क
फोर्स विभिन्न मार्गों, खासकर राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर नजर बनाए हुए है।
जिला प्रशासन उन स्थानों पर विशेष निगरानी रख रहा है, जहां अवैध खनन की अधिक संभावना
रहती है।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य खनन प्रक्रिया
को पारदर्शी बनाना और प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन पर पूरी तरह रोक लगाना है। इसके
लिए विभागीय टीमें निरंतर निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने आम जनता से आह्वान किया कि
यदि कहीं भी अवैध खनन होता दिखे तो उसकी सूचना तुरंत जिला खनन विभाग या खण्ड स्तर पर
सहायक खनन अभियंता को दें, ताकि ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
—————









