सारंडा में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, कोबरा जवान घायल

सारंडा में नक्सलियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, कोबरा जवान घायल

पश्चिम सिंहभूम, 30 मई (हि.स.)। पश्चिम सिंहभूम जिला के सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल एवं पहाड़ी इलाकों में अभियान प्रारंभ के दौरान शुक्रवार को जराईकेला थाना अंतर्गत तिरिलपोसी के जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। भारी दबाव के चलते नक्सली भाग निकले। सर्च अभियान में विस्फोटक, वर्दी और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद कर जब्त की गई। इसी दौरान नक्सलियों की ओर से पूर्व में लगाए गए आईईडी विस्फोट में कोबरा 209 बटालियन के सी०टी०/ जी०डी० सुनील कुमार टी०एस० घायल हो गए। घायल जवान की स्थिति स्थिर है और प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया। अभियान जारी है।

पश्चिम सिंहभूम जिला के सारंडा क्षेत्र में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्ते के साथ विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के इरादे से सक्रिय हैं।

इसे ध्यान में रखते हुए चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 व 209 बटालियन, झारखंड जगुआर और सी०आर०पी०एफ० 26, 60, 134, 193 और 197 बटालियन की संयुक्त टीम गठित कर लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है।

—————