फतेहाबाद: आंतकियों के अड्डे पर भारत की एयर स्ट्राइक से भाजपाइयों ने पटाखे चलाकर जताई खुशी
फतेहाबाद: आंतकियों के अड्डे पर भारत की एयर स्ट्राइक से भाजपाइयों ने पटाखे चलाकर जताई खुशी
फतेहाबाद, 7 मई (हि.स.)। आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान में आतंकियों के अड्डों पर भारत की जबरदस्त एयर स्ट्राईक से पूरे देश में खुशी का माहौल है। देशवासियों का उत्साह इस समय चरम पर है। इसी कड़ी में बुधवार को बीजेपी जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारतीय सेना की इस कार्रवाई पर पटाखे चलाकर खुशी जताई। कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद, भारतीय सेना जिन्दाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकबाद मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि 22 अप्रैल को भारत के कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने कायराना हमला करते हुए मासूम हिन्दुओं की निर्मम हत्या कर दी थी, इस घटना ने पूरे देश को आघात पहुंचाया था। इस हमले में 26 मासूमों की हत्या हुई थी। कायर आतंकियों ने महिलाओं के सामने उनके सुहाग और सिंदूर को उजाड़ा था। उसी दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के खिलाफ आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प ले लिया था। 6-7 मई की मध्य रात्रि को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल निर्देशन में भारतीय सेना ने ‘ऑप्रेशन सिन्दूर’ पाकिस्तान की सीमा में घुसकर 9 आतंकी ठिकानों को मिट्टी में मिलाने का शौर्य पूरे विश्व को दिखाया है। इस ऑप्रेशन में कई बड़े आतंकियों समेत 100 से अधिक आतंकवादियों को जहन्नुम का रास्ता दिखा दिया है। जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इच्छाशक्ति , संकल्प और कुशल नेतृत्व ने आज पूरे विश्व को संदेश दिया है कि अब यह नया भारत आतंकवाद को किसी भी किमत पर नहीं सहन करेगा। आतंकवाद और उसको जन्म देने वाले देश को सबक सिखाने का यही सही समय है। प्रवीण जोड़ा ने कहा कि आज विश्व के अधिकांश देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ आतंकवाद के खिलाफ खुल कर खड़े है और पाकिस्तान अलग थलग पड़ गया। उन्होंने कहा कि आज आतंकवादी और उनके पनाहगार भी थर थर कांप रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह कार्रवाई तो एक छोटा सा ट्रेलर है, जब तक पाकिस्तान घुटनों पर नहीं आता और आतंकियों का आखिरी अड्डा खत्म नहीं हो जाता, तब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय सेना अपना शौर्य दिखाती रहेगी। इस अवसर पर महेश शर्मा, जगदीश शर्मा, विजय गोयल, सविता टुटेजा, विक्रम शर्मा, डॉ. सुमन बजाज, विकास शर्मा, मनजीत गोस्वामी, भीम लाम्बा, शम्मी ढिंगड़ा, शिवम श्रीवास्तव, सुल्तान नायक, जगदीश नायक सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।









