फतेहाबाद: अफीम सहित एक युवक गिरफ्तार

फतेहाबाद: अफीम सहित एक युवक गिरफ्तार

फतेहाबाद, 7 मई (हि.स.)। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशामुक्त अभियान के तहत सीआईए टोहाना पुलिस ने जाखल क्षेत्र से एक युवक को भारी मात्रा में अफीम सहित गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए युवक की पहचान सुभाष उर्फ सुनील पुत्र मेजर सिंह निवासी चांदपुरा के रूप में हुई है। बुधवार को सीआईए टोहाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि सीआईए टोहाना पुलिस की टीम एसआई जग्गा सिंह के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ को लेकर गश्त पर थी। टीम जब चांदपुरा हैड के पास पहुंची तो पुलिस को सूचना मिली कि सुभाष उर्फ सुनील अपने घर पर अफीम बेचने का काम करता है। इस पर पुलिस टीम सुभाष के घर पहुंची तो आंगन में एक युवक खड़ा था। पुलिस को देखकर उक्त युवक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नामक सुभाष उर्फ सुनील बताया। पुलिस ने जब युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 559 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर थाना जाखल में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।