cg-hsc-board-exam-jigyasu-top

हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा वर्ष 2026 में जिज्ञासु वर्मा ने किया टॉप

रायपुर, 29 अप्रैल । छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम आज घोषित कर दिए हैं।सरस्वती शिशु मंदिर पलारी के जिज्ञासु वर्मा ने 12वीं में 98.60 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया है। जबकि बेमेतरा के स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल की ओमिनी वर्मा ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया है।

हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट मुख्य परीक्षा वर्ष 2026 में कुल 2,46,166 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें से 2,44,453 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 1,02,259 बालक तथा 1,42,194 बालिकाएं शामिल थीं।इनमें से 2,43,898 परीक्षार्थियों के परिणाम घोषित किए गए, जिनमें 2,02,549 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार कुल 83.04 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे।बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.04 रहा।

जबकि बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 78.86 रहा। प्रथम श्रेणी में 1,27,334 (52.2%),द्वितीय श्रेणी में 72,402 (29.68%) तथा तृतीय श्रेणी में 2,806 छात्र -छात्रायें (1.15%) उत्तीर्ण हुए हैं। जबकि 7 परीक्षार्थी सिर्फ उत्तीर्ण हुए हैं। एक या दो विषयों में 23,866 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे। कुल 63 परीक्षार्थियों के परिणाम विभिन्न कारणों से रोके गए हैं, जिनमें 5 नकल प्रकरण और 56 जांच श्रेणी में हैं। वहीं 492 परीक्षार्थियों के आवेदन पात्रता के अभाव में निरस्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 2 परीक्षार्थियों के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे।

वर्ष 2025 में पास प्रतिशत 81.87 प्रतिशत था, जबकि इस वर्ष इसमें लगभग 1.17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।