फतेहाबाद : लाखों रुपये लेकर ट्रक देने से किया इंकार, पैसे मांगने पर धमकाया

फतेहाबाद : लाखों रुपये लेकर ट्रक देने से किया इंकार, पैसे मांगने पर धमकाया

फतेहाबाद, 12 नवंबर (हि.स.)। जिले के शहर भूना के एक व्यक्ति से तीन लोगों ने ट्रक बेचने की एवज में लाखों रुपये ले लिए लेकिन न तो उसे ट्रक दिया और पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की भी धमकी दी। इस मामले में भूना पुलिस ने बुधवार को तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत में भूना निवासी पूर्णचंद ने कहा है कि उसे एक ओपन बॉडी ट्रक की जरूरत थी। इस पर उसके जानकार राजेन्द्र निवासी इंदाछोई ने बताया कि वैष्णव इन्फ्राटेक प्रो. लि. के पास एक ट्रक लुधियाना में खड़ा है। इस पर उसने कम्पनी मैनेजर प्रेम नारायण व कर्मचारी संदीप व सुरेश से बात की। उक्त लोगों ने उसे एक ट्रक दिखाया और इसकी कीमत 6 लाख 30 हजार रुपये बताई। इस पर उसने 6 लाख 30 हजार रुपये कम्पनी के खाते में जमा करवा दिए। पैसे देने के बाद जब उसने ट्रक और उसके कागजात मांगे तो उक्त कर्मचारी टाल मटोल करने लगा और कोई ना कोई बहाना बनाकर उसे वापस भेज देते। जब उसे इनकी नीयत पर शक हुआ तो उसने अपने पैसे वापस मांगे, जिस पर इन लोगों ने पैसे लौटाने से इंकार कर दिया और उसके साथ गाली गलौच करते हुए अभद्र व्यवहार किया। इस पर पीडि़त व्यक्ति ने आर्थिक सैल फतेहाबाद पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद आरोपियों ने उसे बुलाकर उसे 50 हजार रुपये दे दिए और बाद में पैसे देने से इंकार कर जान से मारने की धमकी दी। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी कर 6 लाख रुपये 30 हजार रुपये ऐंठ लिए है। इस मामले में भूना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।