लोहरदगा के लोग कांग्रेस राज से त्रस्त : आजसू
लोहरदगा के लोग कांग्रेस राज से त्रस्त : आजसू
आजसू के मिलन सामारोह में कांग्रेस के कई नेता पार्टी में हुए शामिल
रांची, 07 अक्टूबर( हि.स.)। लोहरदगा के लोग कांग्रेस राज से त्रस्त हैं। पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र का विकास थम गया है। लोहरदगा की जनता बदलाव चाहती है। कमल किशोर भगत का काम बोलता था जनता को आज उनके जैसे नेतृत्व की जरूरत है। आजसू पार्टी जनता के विश्वास के अनुरूप कार्य करेगी। अल्पसंख्यक समुदाय आज कमांडिंग नहीं डिमांडिंग स्थिति में है। हम सभी को संगठित होने की आवश्यकता है।
ये बातें सोमवार को केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में कही। इस दौरान लोहरदगा विधानसभा से आए कांग्रेस के कई कार्यकर्ता सहित अल्पसंख्यक समुदाय के कई जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जेएमएम अल्पसंख्यकों को अपना वोट बैंक समझते हैं। वर्षों से लोगों को डरा कर वोट लेने का काम किया जा रहा है। विकास के लिए नहीं सुरक्षा के नाम पर वोट ले रहे हैं। हमें मिलकर इस अवधारणा को तोड़ने की दिशा में काम करना है। इसके लिए आप सभी को एकजुट होकर अपने और अपने समाज के विकास के लिए वोट करना होगा। आप सभी ईमान के साथ जीने वाले लोग हैं।
इस मौके पर केंद्रीय महासचिव नीरू शांति भगत और केंद्रीय संगठन सचिव एस अली ने कार्यक्रम को संबोधित किया। सदस्यता ग्रहण करने वालों में कुदुस अंसारी, तजमुल कुरैशी, मो. शमीम अंसारी, तमामील, राजू खान, नासरीन प्रवीण, यूनुस, रेयाजत अंसारी, बबलू अंसारी, कबीर अंसारी, सदाम अंसारी, साजिद आलम, मोइन अंसारी, जफिर अंसारी, मो. ज़ुफ्फकुल सहित अन्य शामिल हैं।
—————









