मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध न्यूनतम सुविधाओं से मतदाताओं को करें जागरूक: आयुक्त

मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध न्यूनतम सुविधाओं से मतदाताओं को करें जागरूक: आयुक्त

पलामू, 29 अक्टूबर (हि.स.)। प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर मतदान केन्द्रों पर अबतक की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। आयुक्त आज मंगलवार को 79-हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं का आकलन किया।

आयुक्त ने पीएमश्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय संढा के मतदान केंद्र संख्या 238, स्तरोन्नत उच्च विद्यालय कामगारपुर के मतदान केंद्र संख्या 207, राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गम्हरिया के मतदान केंद्र संख्या 135, राजकीयकृत प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय में अवस्थित मतदान केंद्र संख्या 116, राजकीयकृत मध्य विद्यालय, हुसैनाबाद के मतदान केंद्र संख्या 118 एवं 119 एवं हैदरनगर के ग्राम पंचायत सचिवालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 97 एवं राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय का भ्रमण कर वहां मौजूद आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं का आकलन किया।

उन्होंने मतदान केंद्रों पर दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं के लिए रैंप, मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर, चेयर की व्यवस्था, मतदाताओं के लिए लगे लाइन के बीच उनकी सुविधा हेतु बेंच या कुर्सी लगाने की व्यवस्था, मतदाताओं के सहयोग के लिए वोलेंटियर का सहयोग, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ, क्रियाशील तथा महिला एवं पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय, शौचालय जाने वाले रास्तों के लिए साइनेज लगाने, मतदान कक्ष में समुचित प्रकाश व्यवस्था, पंखा आदि न्यूनतम सुविधाओं का आकलन किया। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या, दिव्यांग एवं वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या, उनकी स्थिति, मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर वे मतदान करने में सक्षम हैं या नहीं! आदि बिन्दुओं की अद्यतन स्थिति से अवगत हुए।

आयुक्त ने कहा कि मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं होने से मतदाताओं को सहूलियत होगी। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध न्यूनतम सुविधाओं से मतदाताओं को भी जागरूक करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता से मतदाताओं में चुनाव को लेकर उत्सव का माहौल बनेगा और मतदान के दिन मतदाता मतदान केंद्र पर आकर मतदान करेंगे। इससे मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी।

—————