run-for-unity-held-in-anuppu

अनूपपुर: राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश के साथ अनूपपुर में आयोजित हुई ‘रन फॉर यूनिटी

अनूपपुर, 31 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय में ‘रन फॉर यूनिटी’ एकता दौड़ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर रत्नाकर झा और पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ का शुभारंभ किया। दौड़ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर से प्रारंभ होकर इंदिरा तिराहा एवं शंकर मंदिर होते हुए अमरकंटक तिराहा पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। दौड़ में छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कलेक्टर रत्नाकर झा ने उपस्थित जनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए सभी से उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा आपसी एकजुटता एवं भाईचारे के साथ रहने का आह्वान किया। इस दौरान ‘दौड़ेगा इंडिया तो जुड़ेगा इंडिया’ एवं ‘दौड़ेगा अनूपपुर तो जुड़ेगा अनूपपुर’ जैसे नारों से वातावरण उत्साहपूर्ण रहा।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर बलवीर रमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम, एसडीओपी अनूपपुर सुमित कड़वे, जिला शिक्षा अधिकारी तुलाराम आर्मो, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विकासखंड ग्रामीण युवा समन्वयक जैतहरी दिनेश कुमार सिंह चंदेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं पीटीआई, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।