नकली दूध फैक्ट्री का अवैध निर्माण बुलडोजर से ध्वस्त, छह लाख की सरकारी जमीन मुक्त
मंदसौर, 31 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के शामगढ़ क्षेत्र के डूंगरखेड़ी गांव में शनिवार सुबह प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री के अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। शासकीय जमीन पर बने करीब 30×20 फीट के निर्माण को हटाकर प्रशासन ने जमीन अपने कब्जे में ले ली। निर्माण की बाजार कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने 28 अक्टूबर की रात फैक्ट्री पर छापा मारा था। पुलिस के पहुंचने से पहले फैक्ट्री संचालक भाई कृष्णपाल सिंह और शिवपाल सिंह, पिता बद्रीलाल, मौके से फरार हो गए थे। अगले दिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। फैक्ट्री गांव की नई आबादी में उनके घर और शासकीय जमीन पर संचालित हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके पर नकली दूध बनाने का प्लांट मिला था। वहां से पारस कंपनी के मिल्क पाउडर के छह कट्टे, 40 लीटर केमिकल, 40 लीटर तैयार दूध, पाम तेल के पांच डिब्बे और 2000 लीटर क्षमता का दूध टैंक जब्त किया गया था। इसके अलावा तोल कांटा, फ्रिज और मोटर भी बरामद हुई थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने करीब 40 दिन पहले इसी स्थान से सैंपल लिए थे। लैब रिपोर्ट आने में देरी और कार्रवाई नहीं होने के बीच आरोपियों ने प्लांट दोबारा शुरू कर दिया था। सूचना मिलने पर जिला खाद्य अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन, नायब तहसीलदार भीम सिंह खराड़ी, एसडीओपी दिनेश प्रजापति और थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
शनिवार सुबह एसडीएम राहुल चौहान के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई में बुलडोजर से पूरा अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान तहसीलदार भीम सिंह खराड़ी, पुष्पाल सिंह, थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र, कस्बा पटवारी मुकेश सालवी, 10 पटवारी, कोतवाल और पुलिस टीम मौजूद रही।










