bjp-mandal-pradarshan-shillai

जल शक्ति विभाग की भर्ती नीति के विरोध में भाजपा नेड़ापार मंडल का प्रदर्शन, एक्सियन  का पुतला फूंका

नाहन, 31 अक्टूबर । शिलाई (जल शक्ति) विभाग की भर्ती प्रक्रिया एवं कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आज भारतीय जनता पार्टी नेड़ापार मंडल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जल शक्ति विभाग और शिलाई विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना रोष व्यक्त किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने विभाग शिलाई के एक्सियन का पुतला दहन कर विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति कड़ा विरोध दर्ज करवाया।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विभाग की भर्ती नीति और कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्र के युवाओं एवं आम जनता में भारी रोष है। युवाओं के भविष्य और रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जिस प्रकार की नीतियां अपनाई जा रही हैं, वे कई गंभीर सवाल खड़े करती हैं। क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के उचित अवसर मिलना उनका अधिकार है, न कि किसी प्रकार की उपेक्षा का सामना करना।

भारतीय जनता पार्टी नेड़ापार मंडल के अध्यक्ष साधुराम चौहान ने मांग उठाई किजल शक्ति विभाग की भर्ती प्रक्रिया एवं संबंधित नीतियों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए तथा युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाए। साथ ही विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर संबंधित अधिकारियों और शिलाई विधायक को जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।