youth-arrested-for-brandishing

जांजगीर में चाकू लहराकर राहगीरों को डरा रहा युवक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित खोखरा नहर पुल के पास चाकू लहराकर आने-जाने वाले लोगों में दहशत फैला रहा था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक चाकू जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली की टीम क्षेत्र में देर रात पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि केरा रोड स्थित खोखरा नहर पुल के पास एक युवक धारदार हथियार लेकर लोगों को मारने के लिए दौड़ा रहा है और चाकू लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंण्डेन यॉर्क और सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपित की पहचान हिमांशु डहरिया उर्फ मोनू (22 वर्ष), पिता विनोद डहरिया, निवासी भाठापारा जांजगीर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज शनिवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, आरक्षक संतुका खुटे और दिलीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।