मां ने दो मासूम बच्चों पर कैंची से किया हमला, फिर खुद को भी किया घायल; तीनों की मौत
अलवर, 18 अक्टूबर । जिले के दांतिया गांव में रविवार सुबह एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने पांच वर्षीय बेटे और तीन वर्षीय बेटी पर कैंची से हमला कर दिया। इसके बाद उसने खुद को भी घायल कर लिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कमरे का गेट खोलकर तीनों को लहूलुहान हालत में बाहर निकाला। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान ऊषा शर्मा, उसके पांच वर्षीय बेटे मुकुल और तीन वर्षीय बेटी नंदिता के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले बेटी घर के बाहर खेलने जाने की जिद कर रही थी। इसके बाद ऊषा दोनों बच्चों को लेकर कमरे में चली गई और अंदर से गेट बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से बच्चों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
कमरे के भीतर से आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गेट अंदर से बंद होने के कारण ग्रामीणों ने धक्का देकर उसे खोला। अंदर का दृश्य देखकर लोग घबरा गए। महिला और दोनों बच्चे खून से लथपथ हालत में पड़े थे।
ग्रामीणों ने बिना देर किए तीनों को खेड़ली के उपजिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने महिला के बेटे मुकुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उपचार के दौरान ऊषा और उसकी बेटी नंदिता ने भी दम तोड़ दिया।
ऊषा का पति अमित शर्मा गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। घटना के समय महिला के ससुर बृजभूषण शर्मा गांव में एक प्रत्याशी के चुनाव प्रचार के लिए गए हुए थे। वहीं, सास और ननद मनीषा के दोनों बच्चों को लेकर खेत पर गई हुई थीं। घर में हुई इस घटना की सूचना फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
इस घटना का एक और दुखद पहलू सामने आया है। ऊषा की छोटी बहन की शादी भी इसी परिवार में हुई है। उसने अपनी बहन और दोनों बच्चों को लहूलुहान हालत में देखा तो वह सदमे में आ गई और अपना सिर दीवार पर मार लिया। इससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बेहतर उपचार के लिए अलवर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर कठूमर वृत्ताधिकारी जोगिंदर सिंह राजावत और खेड़ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से घटनाक्रम के संबंध में जानकारी जुटाई। महिला और दोनों बच्चों के शव खेड़ली अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
फिलहाल, घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।










