in-mandsaur-the-antarrashtriy

मंदसौरः अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल ने श्रद्धा और उत्साह से की महाआरती एवं शस्त्र पूजन

मंदसौर, 18 अक्टूबर । मध्य प्रदेश के मंदसौर में रविवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल जिला मंदसौर के तत्वावधान में माता की महाआरती एवं शस्त्र पूजन का भव्य कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने माता की महाआरती कर धर्म, संस्कृति तथा राष्ट्र की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। इसके साथ ही भारतीय सनातन परंपरा, शौर्य एवं वीरता के प्रतीक शस्त्रों का विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया।

इस गरिमामयी आयोजन में परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष पं. जितेंद्र व्यास, रावत, जिला अध्यक्ष विनोद जाट, जिला महामंत्री गोपाल सिंह राजावत, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, विकास सिंह रावत, कुंदन राठौर, निशांत शर्मा सहित संगठन के अनेक प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से मौजूद रहे।

जिलाध्यक्ष विनोद जाट ने स्वागत उदबोधन देते हुवे कहा कि भारत के हर घर में शस्त्र पूजन की सनातन परंपरा को पुन: जागृत किया जाए। शस्त्र केवल हमारी आस्था और शक्ति के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि राष्ट्र की अखंडता की रक्षा का आधार भी हैं। हमारी महान देश की परंपरा हमें सिखाती है कि शांति बनाए रखने के लिए सामर्थ्यवान होना आवश्यक है।

आयोजन के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं, सामाजिक एकता और धर्म के प्रति समर्पण के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सांस्कृतिक जागरूकता, आपसी सद्भाव और संगठनात्मक एकता को सुदृढ़ बनाते हैं। वक्ताओं ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें अपनी समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं से जुड़कर राष्ट्रहित तथा समाजसेवा के कार्यों में अपनी सक्रिय और अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों तथा कार्यकतार्ओं ने धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के साथ-साथ समाज में सकारात्मकता, सेवा एवं भ्रातृत्व की भावना को मजबूत करने का दृढ़ संकल्प लिया।