7-gamblers-apprehended

फतेहाबाद पुलिस ने पकड़े सात जुआरी, 1.16 लाख जब्त

फतेहाबाद, 18 अक्टूबर । शहर के अशोक नगर क्षेत्र में पुलिस ने छापा मारकर जुए का अड्डा पकड़ा है। पुलिस सात व्यक्तियाें काे काबू करके उनके कब्जे से एक लाख 16 हजार रुपये की जुआ राशि बरामद की है। रविवार को थाना शहर प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुनानकपूरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रजत के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि अशोक नगर स्थित एक मकान में कुछ लोग एकत्रित होकर पैसों की हार-जीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दबिश दी और जुआ खेल रहे सातों लोगों को दबोच लिया। पुलिस द्वारा पकड़े गए सातों आरोपियों की पहचान अशोक नगर निवासी धर्मवीर पुत्र कृष्ण, बृजभूषण पुत्र रामदास, राजीव कालोनी के पवन कुमार पुत्र राजकुमार, मातूराम कालोनी निवासी अमन पुत्र संजय कुमार, शिव चौक, भीमा बस्ती निवासी हिमांशु पुत्र हरीश कुमार, संन्यास आश्रम रोड निवासी तरुण कुमार पुत्र मोहन लाल तथा गुरूनानकपुरा के सोनू पुत्र रघुवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।