गुरुग्राम: पुरानी पेंशन कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा व बुढ़ापे का सहारा: बिजेंद्र धारीवाल
गुरुग्राम, 18 अक्टूबर । पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पिछले आठ वर्षों से संघर्षरत पेंशन बहाली संघर्ष समिति (पीबीएसएस) हरियाणा ने रविवार को गुरुग्राम में ओपीएस संकल्प मार्च निकालकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को बुलंद किया। कमला नेहरू पार्क में बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र धारीवाल के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई सहित अनेक विभागों के कर्मचारियों एवं कर्मचारी संगठनों ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग का समर्थन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओपीएस गुरुग्राम के जिला प्रधान डॉ. सुशील कटारिया ने की, तथा मंच संचालन जिला महासचिव बलराज ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र धारीवाल ने कहा कि हम अपने ही नहीं, आने वाली पीढिय़ों के हकों की भी लड़ाई लड़ रहे हैं। पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और बुढ़ापे के सहारे का सवाल है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की स्पष्ट मांग केवल पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली है। कर्मचारी अपने भविष्य की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष धारीवाल ने घोषणा की कि सात फरवरी 2027 को कुरुक्षेत्र में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एक तरह से यह एनपीएस के खिलाफ ओपीएस का युद्ध होगा। उन्होंने कर्मचारियों से इस आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने और अपनी एकजुटता का परिचय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की संगठित शक्ति ही सरकार को उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करने के लिए बाध्य कर सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीबीएसएस गुरुग्राम के जिला प्रधान डॉ. सुशील कटारिया ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली केवल आर्थिक लाभ का विषय नहीं, बल्कि कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। राज्य वरिष्ठ उपप्रधान अनूप लाठर ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के संघर्ष में योगदान देने वाले कर्मचारियों का प्रयास हमेशा याद रखा जाएगा। राज्य कोषाध्यक्ष ज्ञान सिंह गिल, जींद जिला प्रधान जोगेंद्र लोहान और झज्जर जिला प्रधान डॉ. मनोज कुमार, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य प्रधान सत्यनारायण यादव, प्राथमिक टीचर एसोसिएशन एसोसिएशन के जिला प्रधान अमित भारद्वाज ने कर्मचारियों से इस संघर्ष में आगे रहने की अपील की।
नर्सिंग ऑफिसर वेलफेयर एसोसिएशन, हरियाणा की प्रदेश मीडिया सचिव पूनम सहराय ने कहा कि पुरानी पेंशन केवल पेंशन नहीं, बल्कि कर्मचारियों के सुख-दुख का सहारा और बुढ़ापे की सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में अग्रिम पंक्ति में रहकर सेवाएं देने वाले कर्मचारियों सहित सभी सरकारी कर्मचारियों को उनके अधिकार मिलने चाहिए। ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित मदान, हरियाणा राजकीय अनुसूचित जाति अध्यापक संघ के जिला प्रधान सतपाल, हसला जिला प्रधान सुदीप राठी सहित अन्य वक्ताओं ने भी पुरानी पेंशन बहाली की मांग का समर्थन किया।










