ayodhya-durga-pooja-visarjan-g

अयोध्या में 20 अक्टूबर को निकलेगी मां दुर्गा की भव्य विसर्जन शोभायात्रा

अयोध्या, 18 अक्टूबर । अयोध्या में दुर्गा पूजा उत्सव के समापन पर 20 अक्टूबर को मां दुर्गा की भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा सुबह 10 बजे राजकीय इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार से शुरू होगी। केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति ने सभी दुर्गा पूजा समितियों से शोभायात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और निर्धारित समय पर आगे बढ़ने की अपील की है। निर्णय लिया गया है कि पंडालों से विसर्जन के लिए निकलने के बाद प्रतिमाएं रास्ते में कहीं नहीं रुकेंगी।

केंद्रीय समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार सुबह सुभाष नगर स्थित शुभम में हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने की, जबकि संचालन जिला संयोजक गगन जायसवाल ने किया। बैठक में शोभायात्रा के सुचारु संचालन, झांकियों की व्यवस्था और निर्धारित मार्ग पर समन्वय बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने रविवार को बताया कि सभी समितियों को अपने-अपने पंडालों से विसर्जन के लिए निकलने के बाद बिना रुके आगे बढ़ना होगा। राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में केंद्रीय समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमाओं के वाहनों को क्रमवार नंबर दिए जाएंगे। केंद्रीय समिति बैंड-बाजे और महापुरुषों की झांकियों सहित सभी तैयारियां समय से पूरी कर फतेहगंज चौराहे तक व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। सुबह 10 बजे पहली प्रतिमा के कॉलेज गेट से निकलते ही शोभायात्रा शुरू हो जाएगी।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा को व्यवस्थित और गतिमान बनाए रखने के लिए केंद्रीय समिति अपने पदाधिकारियों की टोलियां फतेहगंज, मोतीबाग, चौक, पॉपुलर गली, रिकाबगंज चौराहा, रिकाबगंज हनुमानगढ़ी और सहादतगंज हनुमानगढ़ी सहित प्रमुख स्थानों पर तैनात करेगी। ये टोलियां शोभायात्रा के संचालन में समन्वय स्थापित करेंगी।

समिति के जिला संयोजक गगन जायसवाल ने सभी दुर्गा पूजा समितियों से अपील की कि वे शोभायात्रा में शामिल लोगों पर निगरानी रखें और शराब के नशे में रहने वाले लोगों को इसमें शामिल न होने दें। उन्होंने कहा कि उत्सव की गरिमा बनाए रखते हुए अनुशासन और शालीनता के साथ शोभायात्रा को भव्य एवं आकर्षक बनाया जाए।

केंद्रीय समिति के जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर के अनुसार, शोभायात्रा सुबह 10 बजे शुरू होगी। इसके सुबह 11:30 बजे चौक, दोपहर एक बजे रिकाबगंज चौराहा और दोपहर दो बजे रोडवेज पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

विसर्जन स्थल निर्मली कुंड, जिसे दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान श्रद्धेय श्रीभगवान जायसवाल घाट के नाम से जाना जाता है, पर भी तैयारियों के क्रम में धार्मिक अनुष्ठान किया गया। केंद्रीय समिति के घाट निर्माण कार्य प्रभारी संजय श्रीवास्तव, सह प्रभारी रंजीत शर्मा और उनके सहयोगियों ने रविवार अपराह्न विधि-विधान से मां सरयू का पूजन-अर्चन और आरती की। इसके बाद समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मां सरयू को चुनरी अर्पित की गई। पूजन के दौरान आदेश जी महाराज पुरोहित रहे, जबकि यजमान की भूमिका आशीष तिवारी ने निभाई।

बैठक में केंद्रीय समिति के जिला पुलिस प्रभारी जेएन चतुर्वेदी, शिवजी गौड़, अतुल सिंह, अखिलेश पाठक, बजरंगी साहू, चंदन गुप्ता, अमित कनौजिया, राजेश कुमार जायसवाल राजू, पवन कुमार निषाद, दीपक गौतम, रविकांत आर्य, जनार्दन पांडेय बबलू, देवेंद्र अग्रहरि, अंकुश गुप्ता, डॉ. अखिलेश वैश्य, अंजनी पांडेय, विनय प्रकाश तिवारी, तरुण कुमार गुप्ता डम्पी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।