कैथल: हर गांव में बनेगी अटल ई-लाइब्रेरी, 969 गांवों में शुरू हुआ काम : कृष्ण लाल पंवार
कैथल, 07 अक्टूबर । कैथल में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश के हर गांव में अटल ई लाइब्रेरी बनाई जाएगी। इसके लिए एक हजार गांवों को चिन्हित किया है। 969 गांवों में यह खोली जा चुकी हैं। इन लाइब्रेरी में गांवों के बच्चे गांवों में ही पढ़ाई करके रोजगार हासिल कर सकेंगे, उन्हें बाहर जाने की जरूरत नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि देश का विकास गांवों पर निर्भर करता है। गांव विकसित होंगे, तो देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। मंत्री बुधवार को कैथल के भाजपा कार्यालय में पहुंचे थे।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पूरे प्रदेश में हर गांव में इंडोर जिम खोले जा रहे हैं। 650 गांवों में अब तक ये जिम खोले जा चुके हैं। 234 गांवों के लिए अब मंजूरी ली गई है। इसी प्रकार हर गांव में महिला सांस्कृतिक केंद्र खोल रहे हैं। करीब 669 गांवों में ये खोले जा चुके हैं। अन्य गांवों में भी खोले जा रहे हैं।
पंचायतों के पास खुद का फंड न होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि उन्हें स्टेट और सेंटर के शेयर से फंड मुहैया करवाया जाता है। डी प्लान व अन्य तरीकों से ऐसी पंचायतों द्वारा विकास कार्य करवाए जाते हैं। ऐसी पंचायतों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने देंगे।
उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी देशवासी मिलकर 2047 तक भारत को विकसित, समृद्ध और खुशहाल राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है और देश की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है।










